मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महानवमी एवं विजयादशमी की दीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन पहुंचकर नवरात्रि पर्व के दौरान आयोजित विभिन्न गरबा कार्यक्रमों में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दशहरा मैदान, डालडा फैक्ट्री, सामाजिक न्याय परिसर, इंजीनियरिंग कॉलेज बायपास स्थित सनातन मंच गरबा महोत्सव, ऋषि नगर तथा सिंधी समाज द्वारा आयोजित गरबा कार्यक्रमों में शामिल हुए और स्थानीय लोगों के साथ खुशियाँ साझा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गरबा पांडालों में मां दुर्गा की आरती उतारी तथा माता से प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना की।उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गरबा आयोजकों को महा अष्टमी, महानवमी और विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नवरात्रि मां शक्ति की आराधना का पावन पर्व है। हम सब मिलकर सभी त्योहारों को पूरे हर्षोल्लास, उमंग और आनंद के साथ मना रहे हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेश एवं देश की निरंतर विकास और तरक्की की कामना की तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक न्याय परिसर में बनाए गए माँ बगलामुखी मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्व. भूरेलाल फिरोजिया की स्मृति में आयोजित गरबा महोत्सव ‘डांडिया नी रात’ में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां दुर्गा की उपासना के नौ दिनों में आज आठवां दिन है। मां जगदंबा भवानी के आशीर्वाद से भारत दुश्मनों का सामना करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके घर में घुसकर कार्रवाई करने में पूर्णतः सक्षम है। उन्होंने कामना की कि देश के सशस्त्र बल अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की रक्षा करते रहें और मां की शक्ति का आशीर्वाद सभी को प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सभी आनंद और उल्लास में डूबे हुए हैं तथा कामना की कि सभी के जीवन से कष्ट दूर हों और सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों।उन्होंने उज्जैन के गौरव का उल्लेख करते हुए कहा कि अनादि नगरी, अवंतिका नगरी, पद्मावती नगरी और अमरावती नगरी के नाम से प्रसिद्ध इस पावन नगरी का गौरवशाली इतिहास रहा है। मां की कृपा से उज्जैन का वैभव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है और उसका स्वरूप निरंतर निखर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव डालडा मैदान, मक्सी रोड पर संस्था अलख उज्जैनी द्वारा आयोजित गरबा कार्यक्रम में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में समिति के आयोजक श्री अजय तिवारी, श्री उमेश सिंह सेंगर, श्री बबलू दरबार, श्री बलवीर सिंह पवार, श्री संजय अग्रवाल और श्री रवि सोलंकी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबोधन में कहा कि हम सब मां जगत जननी जगदंबा के नवरात्रि पर्व को अपनी बेटियों और परिवार के साथ पारिवारिक माहौल में हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। मक्सी रोड बेल्ट के स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी को बधाई दी तथा बेटियों को प्रणाम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सबके आशीर्वाद से, माता-बहनों के आशीर्वाद से तथा यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार द्वारा जनहित के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।आने वाले समय में उज्जैन और अधिक निखरकर सामने आएगा। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि वे बधाई देने आए हैं और हम सब जनकल्याण के लिए कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री ने आने वाले दशहरे के पर्व की भी शुभकामनाएं दीं।











