संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे ‘अमृत काल’ की समावेशी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है। राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट पर्यटन और सांस्कृतिक पुनरुत्थान को नई दिशा देगा।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने बजट में 15 पुरातात्विक स्थलों को ‘अनुभवात्मक पर्यटन केंद्रों’ के रूप में विकसित करने और 10 हजार टूरिस्ट गाइड्स के कौशल विकास की पायलट योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘नेशनल डेस्टिनेशन डिजिटल नॉलेज ग्रिड’ की स्थापना से प्रदेश के आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को वैश्विक पहचान मिलेगी।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने बताया कि पर्यटन क्षेत्र मे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी की स्थापना के प्रावधान मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि मेडिकल टूरिज्म हब और ‘ऑरेंज इकोनॉमी’ (रचनात्मक अर्थव्यवस्था) को मिलने वाला प्रोत्साहन प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अपार अवसर सृजित करेगा। यह बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प के तहत ‘विकास भी, विरासत भी’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करता है।






