Home मध्य-प्रदेश जनजातीय गौरव दिवस समारोह सिर्फ कार्यक्रम नहीं, जनजातियों के सशक्तीकरण का अभियान...

जनजातीय गौरव दिवस समारोह सिर्फ कार्यक्रम नहीं, जनजातियों के सशक्तीकरण का अभियान –मुख्यमंत्री श्री चौहान

461

मुख्यमंत्री ने समारोह में नागरिकों को किया आमंत्रित

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने वाले भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भोपाल में हो रहे विशाल जनजातीय गौरव दिवस समारोह को जनजातीय वर्ग के सशक्तीकरण का माध्यम बताया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस समारोह में नागरिकों को आमंत्रित किया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। यह गौरव के क्षण हैं कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 नवम्बर भगवान बिरसा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया गया। निश्चित ही यह आनंद का विषय है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूरे देश में इस तिथि को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में विशाल कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर इतना विशाल कार्यक्रम, सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है बल्कि जनजातीय नायकों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने का अवसर भी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा‍कि जनजातीय संस्कृति और परम्पराओं को और आगे बढ़ाने, संरक्षित करने के लिए यह महत्वपूर्ण प्रयास है। यह प्रदेश के जनजातीय भाइयों-बहनों, बेटे-बेटियों को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तीकरण का अभियान है। जनजातीय वर्ग के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आव्हान किया कि भोपाल के जम्बूरी मैदान में 15 नवम्बर को यथा समय उपस्थित होकर इस अभियान को सफल बनाएँ।