शिवपुरी में अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग, डिजिटल गिरफ्तारी की धमकी और वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़
1 करोड़ 7 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जप्त, 20 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साइबर श्री ए.साईं मनोहर के निर्देशानुसार साइबर अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा प्रदेश स्तर पर “ऑपरेशन मैट्रिक्स (Mule Account Tracking, Removal & Investigation Exercise)” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिवपुरी पुलिस ने विगत एक सप्ताह मे सायबर अपराधियों के विरुद्ध 04 एफआईआर दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अपराध मे प्रयुक्त 29 मोबाइल, 07 चार पहिया वाहन, एक मोटर सायकल, 01 लाख 20 हजार रुपये नगद, 07 बैंकों की पास बुक, 16 एटीएम कार्ड, तथा सिम कार्ड सहित लगभग 01 करोड़ 07 लाख रूपये की संपत्ति जब्त की है।
यह कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन श्री अरविंद कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अमित सांघी के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्री अमन सिंह राठौड़ के पर्यवेक्षण में गठित 09 टीमों द्वारा की गई।
मध्यप्रदेश पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से वीडियो कॉल, अश्लील चैट या निजी जानकारी साझा न करें तथा यदि कोई स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर डिजिटल गिरफ्तारी या आपराधिक प्रकरण में फंसाने की धमकी देता है तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। प्रदेश में साइबर अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।